02 October 2021 10:01 AM
जयपुर। राजस्थान में दक्षिण-पश्चिमी मानसून अगले सप्ताह के अंत तक विदाई ले सकता है। प्रदेश में अधिकांश जगह मौसम साफ रहेगा। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है। 5 अक्टूबर से बारिश की गतिविधियां थमने लगेंगी। अगले 4 दिन बाद प्रदेश में पश्चिमी क्षेत्र से हवाएं वापस राज्य में आने लगेंगी। इसके बाद तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी।
जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार अगले 2-3 दिन बाद उत्तर-पश्चिमी भारत के निचले और मध्य क्षोभ मंडल स्तरों में वेस्टर्न विंड का असर बढ़ जाएगा। 5 अक्टूबर से वायुमंडल के निचले स्तरों में एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम बनने लगेगा। इसके प्रभाव में प्रदेश में नमी और बारिश की गतिविधियों में कमी होने लगेगी। कुछ जगहों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की शुरुआत 6 अक्टूबर से होने के लिए परिस्थितियां बनने लगेंगी। अनुमान है कि 10 या 12 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिमी मानसून प्रदेश से पूरी तरह विदा हो जाएगा।
अब तक 17 फीसदी ज्यादा हुई बारिश
राजस्थान में इस मानसून में अब तक सामान्य से 17 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे राजस्थान में मानसून सीजन में औसतन 415MM बारिश होती है, लेकिन इस बार 485.3MM बारिश हुई है। यह साल 2020 की तुलना में 9 फीसदी ज्यादा है। साल 2020 में 449.8MM औसत पानी गिरा है।
पूर्वी राजस्थान में अच्छी बारिश
राजस्थान के बीते 24 घंटे की स्थिति देखें तो पूर्वी राजस्थान के कोटा, सवाई माधोपुर, टोंक, दौसा, बारां के अलावा पश्चिमी क्षेत्र के नागौर जिले में अच्छी बारिश हुई। सबसे ज्यादा कोटा जिले के खातोली में 78MM (3 इंच) पानी गिरा। इसके अलावा कोटा में मंडाना में 50, जवाहर सागर में 41, पीपलदा 29, नागौर के मकराना में 75, परबतसर में 22, सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 74, देवपुरा में 40, टोंक के अलीगढ़ में 52, निवाई में 36, जयपुर के किशनगढ़-रेनवाल में 38, फुलेरा 32, पावटा 27, सांभर 27, दौसा के रामगढ़ पचवाड़ा 38, लालसोट 25, बांदीकुई 24, चूरू के बीदासर 28, चित्तौड़गढ़ के डूंगला में 29 और बारां जिले में 24MM बारिश दर्ज हुई है।
पिछले साल 6 अक्टूबर काे विदा हुआ था मानसून
राजस्थान में पिछले साल 24 जून को मानसून की एंट्री हुई थी और 6 अक्टूबर काे विदाई। पिछले 5 साल से लगातार मानसून की विदाई अक्टूबर में हो रही है। साल 2020 में पूरे राजस्थान में बारिश का औसत 450MM रहा था। पूर्वी राजस्थान की बात करें तो 594MM बारिश हुई थी, जो सामान्य से 2 फीसदी कम थी। पश्चिमी राजस्थान में 336MM बारिश हुई थी।
RELATED ARTICLES
© Copyright 2021-2025, All Rights Reserved by Jogsanjog Times| Designed by amoadvisor.com